बूंदी| पवित्र माह रमजान का आगाज गुरुवार से होगा। इस संबंध में राजस्थान काजी कौंसिल के संरक्षक पीरजादा अब्दुल शकूर कादरी की सरपरस्ती व नायब शहर काजी पीरजादा इमरान कादरी की सदारत में हिलाल कमेटी की बैठक हुई। बैठक में चांद की स्थिति पर चर्चा कर निर्णय लिया गया। जिला वक्फ कमेटी सचिव मौलाना असलम ने बताया कि 29 शाबान बुधवार को जिले में चांद देखने का एहतमाम किया गया था, लेकिन आसपास मौसम खराब रहने से शरई आम नहीं हो सकी। हालांकि, देश के कई हिस्सों में चांद दिखाई देने की सूचना मिली। इस पर हिलाल कमेटी ने विचार-विमर्श कर सर्वसम्मति से 29वां चांद मानते हुए 19 फरवरी को रमजान माह की पहली तारीख घोषित की। छठी शरीफ 24 फरवरी को मनाई जाएगी। चांद की घोषणा के साथ ही बुधवार को ईशा की नमाज के बाद मस्जिदों में तरावीह की नमाज अदा की जाएगी। पूरे महीने स्थानीय व बाहर से आए हाफिज तरावीह की नमाज पढ़ाएंगे। गुरुवार सुबह मुस्लिम समाज के लोग सेहरी कर पहला रोजा रखेंगे।


