50 होनहार खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक का देंगे प्रशिक्षण

भास्कर न्यूज| बूंदी पंच गौरव योजना के तहत संचालित एक जिला-एक खेल कबड्डी प्रतिभा खोज अभियान चल रहा है। जिला स्तरीय 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ खेल संकुल में हुआ। शिविर में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं से चयनित 25 छात्र और 25 छात्राएं सहित कुल 50 प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। 17 फरवरी से 3 मार्च तक शिविर में खिलाड़ियों को कबड्डी की मूलभूत तकनीकों के साथ उन्नत रेडिंग तकनीक, डिफेंसिव टैकल, चेन सिस्टम, कॉर्नर व कवर पोजीशनिंग, बोनस लाइन रणनीति और मैच सिचुएशन मैनेजमेंट का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही फुटवर्क, रिफ्लेक्स, स्टैमिना, संतुलन और मैट फिटनेस पर सघन अभ्यास कराया जा रहा है। शिविर में राष्ट्रीय स्तर व विशेषज्ञ प्रशिक्षक आधुनिक कबड्डी के मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण दे रहे हैं, ताकि खिलाड़ी प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों में आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन कर सकें। अभ्यास सत्रों में नियमित मॉक मैच और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से कमियों को सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह शिविर पूरी तरह आवासीय है। प्रतिभागियों के आवास, भोजन और स्वास्थ्य प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की गई है। सभी खिलाड़ियों को खेलकिट, ट्रेकशूट एवं मैट शूज़ उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे वे पेशेवर वातावरण में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। हर्षवर्धन सिंह, खेल अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों से उभरती प्रतिभाएं आगे आएंगी प्रशिक्षकों ने बताया कि यह शिविर ग्रामीण अंचलों से उभरती प्रतिभाओं को तकनीकी मार्गदर्शन देने की बेहतर पहल है। कबड्डी केवल शक्ति का खेल नहीं, बल्कि रणनीति और टीम समन्वय का संतुलित संगम है। विशेषज्ञ प्रशिक्षण से खिलाड़ी तकनीकी परिपक्वता प्राप्त कर भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए मजबूत आधार तैयार करेंगे। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक खेल भावना बनाए रखने का संदेश दिया। शिविर अवधि के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का नियमित मूल्यांकन भी किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *