धौलपुर में लूट के प्रयास और फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार:9 महीने से था फरार, पैसों का कलेक्शन कर लौट रहे व्यापारी की जांघ में मारी थी गोली

धौलपुर जिले में कौलारी थाना पुलिस ने खैरागढ़ के एक व्यापारी के साथ लूट के प्रयास और फायरिंग की वारदात में शामिल आरोपी को गिरफ्तार किया है।
यह आरोपी पिछले लगभग 9 महीने से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत दबिश देकर पकड़ा है। यह घटना 25 मई 2025 को सैपऊ से खैरागढ़ जाने वाले मार्ग पर पिपहेरा गांव के पास साधू की मढ़ी के निकट हुई थी। पैसों का कलेक्शन कर लौट रहे व्यापारी शिवसिंह और उनके साथी को अज्ञात बदमाशों ने लूटने का प्रयास किया। जब व्यापारी ने रुपयों से भरा बैग छोड़ने से इनकार किया, तो आरोपियों ने अवैध देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। गोली व्यापारी की जांघ में लगी, जिससे वह घायल हो गया। 3 में से 1 आरोपी पहले हो चुका अरेस्ट, 1 ने किया सुसाइड
इस संबंध में कौलारी थाने में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने कॉल डिटेल, बीटीएस डेटा, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय आसूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान करुआ विकास, भूरा चौहान और विकास ठाकुर के नाम सामने आए। इस मामले में भूरा चौहान को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है, जबकि करुआ चौहान द्वारा आत्महत्या कर लेने की जानकारी मिली थी। थाना प्रभारी हरिनारायण मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास (25) पुत्र दीनदयाल, निवासी नुनहेरा, थाना सैपऊ को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *