धौलपुर में 24 लाख बकाया पर 8 ट्रांसफॉर्मर उतारे:37 कनेक्शन काटे, 5 लाख का राजस्व वसूला, बिजली विभाग ने तेज किया अभियान

धौलपुर में वित्तीय वर्ष की समाप्ति नजदीक आते ही बिजली वितरण निगम (डिस्कॉम) ने बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। धौलपुर डिविजन में लंबित राजस्व वसूली को लेकर विभाग ने शिविरों के साथ-साथ फील्ड स्तर पर तगादा अभियान तेज कर दिया है। डिस्कॉम धौलपुर के एक्सईएन विवेक शर्मा के निर्देशन में राजाखेड़ा एवं ग्रामीण उपखण्ड क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की गई। करीब 24 लाख रुपए की बकाया राशि वाले क्षेत्रों से 8 ट्रांसफॉर्मर उतारे गए हैं। विभाग द्वारा लगातार नोटिस और तगादा करने के बावजूद जब उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं कराया तो यह कार्रवाई अमल में लाई गई। जानकारी के अनुसार अतरोली से 1, चीलपुरा से 1, घुरैया खेड़ा से 1, चौड़िया का पुरा से 3, अम्बिका से 1 तथा विरोधा गांव से 1 ट्रांसफॉर्मर हटाया गया है। उतारे गए सभी ट्रांसफॉर्मरों को संबंधित उपखण्ड के स्टोर में जमा करा दिया गया है।
विभाग ने बुधवार को विशेष अभियान चलाते हुए 37 बिजली कनेक्शन भी डिस्कनेक्ट (डीसी) किए। इस दौरान करीब 5 लाख रुपए की राजस्व वसूली भी की गई। बकायेदारों में मचा हड़कंप
डिस्कॉम की इस कार्रवाई से बकायेदार उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है, वहीं नियमित बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं ने विभाग की इस पहल को सराहा है। एक्सईएन विवेक शर्मा ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे कनेक्शन काटे जाने और बिजली बंद होने जैसी असुविधा से बचने के लिए अपने बिजली बिल का नियमित भुगतान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
अधिकारियों का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं कराई जा रही है, उनके खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। वित्तीय वर्ष के अंत तक राजस्व वसूली को लेकर अभियान और तेज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *