जालोर में रेडीमेड शॉप पर 500 रुपए की जींस की पेंट 300 रुपए में नहीं देने पर बदमाशों ने हमला कर दिया। कहासुनी के बाद दुकान पर पत्थर बरसाए। तोड़फोड़ के दौरान लोगों के पहुंचने पर बदमाश स्कूटी को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस को स्कूटी की डिक्की से दो किलो गांजा बरामद हुआ है। घटना धलडा पावटी रोड पर बुधवार शाम करीब 7 बजे हुई। पहले तस्वीरों में देखें घटनाक्रम .. . 500 की जींस 300 में मांगने पर हुआ विवाद श्री ब्राह्मणी माताजी रेडीमेड दुकान के मालिक रमेश कुमार माली ने बताया- बुधवार शाम दो युवक स्कूटी (RJ 19 WS 2759) पर दुकान पर आए। करीब दो घंटे तक कपड़े देखने के बाद उन्होंने एक जींस पसंद की। दुकानदार ने 500 रुपए कीमत बताई तो युवक 300 रुपए में देने की बात पर अड़ गए। दूसरी सस्ती जींस की पेंट देने की बात पर युवक ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। दोस्त बुलाकर की पत्थरबाजी और तोड़फोड़ कुछ देर बाद युवक ने अपने 6–7 साथियों को बुला लिया। सभी ने मिलकर दुकान के बाहर लगे कांच पर पत्थर मारकर तोड़फोड़ कर दी और दुकानदार के साथ मारपीट भी की। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भीड़ जुटी तो स्कूटी छोड़कर भागे आसपास के लोगों की भीड़ जमा होने लगी तो लोगों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी लोगों से छूटकर अपनी स्कूटी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्कूटी की डिक्की से मिला गांजा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्कूटी जब्त की और तलाशी लेने पर डिक्की में एक कट्टे में करीब पोने दो किलो गांजा मिला। साथ ही कुछ प्लास्टिक थैलियां भी बरामद की गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।


