कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सड़क हादसा हुआ। दिनदयाल चौक पर तेज रफ्तार बाइक और ट्रक की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, मचांदूर गांव के प्रेम प्रकाश दुबे (23) और डोमेशवर पिद्दा (22) अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। उनकी तेज रफ्तार बाइक सामने जा रहे एक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेम प्रकाश दुबे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। डोमेशवर पिद्दा को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों युवक एक ही गांव मचांदूर के निवासी हैं। घायल डोमेशवर पिद्दा को चारामा के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद दिनदयाल चौक पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


