पाली में टक्कर मार वृद्ध से लूटे रुपए:बैंक से रुपए निकालकर घर ले जा रहे थे, बीच रास्ते अकेला देख लूटा

पाली में एक वृद्ध को सूनसान सड़क पर अकेला देख बाइक पर आए दो युवकों ने उनकी मोपेड को टक्कर मार नीचे गिराया। फिर बैग में रखे एक लाख 85 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। वृद्ध गांव में एक कम्पनी का ATM चलता था। जिसमें रुपए लोड करने के लिए बैंक से रुपए निकालकर वापस गांव जा रहा था। इस दौरान यह वारदात हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पाली जिले के चंडावल थाना क्षेत्र के सांडिया गांव निवासी 69 साल के चौथाराम पुत्र उम्मेदराम प्रजापत ने चंडावल थाने में रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि वे सांडिया गांव में वक्रार्गी का ATM चलाते है। उसमें रुपए लोड करने के लिए वे 17 फरवरी को सांडिया SBI बैंक गए थे। बैंक से 01 लाख 85 हजार रुपए निकाले और वापस सांडिया गांव आ रहे थे।
बाइक पर आए दो बदमाश, नहीं रूके तो मारी टक्कर
रिपोर्ट में वृद्ध ने बताया कि रास्ते में बाइक पर दो युवक आए। उन्हें रूकने का इशारा किया। लेकिन वे रूके नहीं। इस पर युवकों ने अपनी बाइक तेज गति से दौड़ाई और उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। जिससे वे नीचे गिर गए। इस दौरान बदमाश उनके बैग में रखे एक लाख 85 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए।
SHO बोले- आरोपियों की तलाश जारी
मामले में चंडावल थाने के SHO अमराराम मीणा ने बताया कि मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम भी इस पूरे मामले में उनके साथ जुटी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *