जयपुर में युवक ने किया सुसाइड:बिजली वायर के फंदे से लटका मिला, परिचित ने घर आकर किया था झगड़ा

जयपुर में एक युवक के सुसाइड का मामला सामने आया है। बिजली वायर के फंदे से वह घर के अंदर लटका मिला। कानोता थाना पुलिस ने SMS हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया- सवाई माधोपुर के बामनवास निवासी वकील प्रजापत (40) ने सुसाइड किया। वह कानोता के राजेन्द्र नगर में अपने परिवार के साथ रहकर निर्माणाधीन मकान बनाने का ठेका लेता था। 13 फरवरी को शाम करीब 4 बजे वकील प्रजापत ने अपने कमरे में बिजली वायर से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। देर शाम घर मिलने आए रिश्तेदार को वह फंदे से लटका मिला। सुसाइड की सूचना पर कानोता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाकर पोस्टमार्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस ने मृतक के पास किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने की बात से इनकार किया है। कानोता थाने में मृतक के बेटे सतीश ने गांव के परिचित कालूराम के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया है। पिछले तीन महीने से था परेशान
मृतक के बेटे सतीश ने बताया- उनके ही गांव का रहने वाला कालूराम ब्याज का काम करता है। रुपयों के लेन-देन को लेकर कालूराम की ओर से उसके पिता को परेशान किया जा रहा था। करीब 3 महीने पहले कालूराम विरोध करने के बाद भी उनकी कार ले गया था। उसके पिता से जबरन खाली कागजात व स्टाम्प पर सिग्नेचर भी करवा लिए थे। सुसाइड वाले दिन भी सुबह करीब 11:30 बजे कालूराम अपने तीन-चार जनों के साथ उनके घर आया था। उसके पिता के साथ हाथापाई और झगड़ा करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। इसी कारण वह पिछले काफी समय से अवसाद में रहकर परेशान चल रहे थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *