ऊना में पेड़ से टकराई बेकाबू पिकअप:एक युवक की मौत, दूसरा घायल, चंडीगढ़ PGI ले जाते वक्त रास्ते में तोड़ा दम

ऊना जिले के उपमंडल अंब के तहत कलरूही के पास एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान अपर अंदौरा निवासी 27 वर्षीय रवि कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात राहुल कुमार अपने साथी रवि कुमार के साथ सेफ एक्सप्रेस की महिंद्रा पिकअप (HP72D 3807) लेकर अंब से मुबारिकपुर की ओर जा रहे थे। कलरूही के पास पिकअप अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। उन्होंने घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया। पीजीआई पहुंचने से पहले युवक ने तोड़ा दम अंब अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ऊना रेफर कर दिया गया। रवि कुमार की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें ऊना से चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर किया गया, लेकिन उन्होंने पीजीआई पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। 25 वर्षीय राहुल कुमार का घायल अवस्था में उपचार ऊना के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने इस मामले की पुष्टि की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *