टाटानगर स्टेशन से सटे क्षेत्रों से हटाया गया अतिक्रमण:रेलवे ने 22 से अधिक दुकानें तोड़ीं, मिलेगी ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात

जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और विस्तारीकरण के लिए रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। स्टेशन से सटे कीताडीह और गोलपहाड़ी क्षेत्र में रेलवे भूमि पर बने अतिक्रमण को हटाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 22 से अधिक दुकानों को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई स्टेशन के विकास कार्यों को गति देने, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से की गई है। बागबेड़ा थाना पुलिस और आरपीएफ के जवान तैनात रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मौके पर बागबेड़ा थाना पुलिस और आरपीएफ के जवान तैनात रहे। दुकानदारों ने सुबह से ही अपनी दुकानों से सामान हटाना शुरू कर दिया था। रेलवे के लैंड डिपार्टमेंट के अधिकारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई टाटानगर स्टेशन के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल प्रशासन कोर्ट के आदेश के अनुपालन में अतिक्रमण हटाया जा रहा है। रेल प्रशासन ने कहा है कि आने वाले समय में स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *