बाड़मेर में बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने एक बिजनेसमैन पर फायरिंग कर दी। एक गोली बोलेरो गाड़ी के शीशे में लगी। दौड़कर दुकान में घुसने से बिजनेसमैन की जान बच गई। घटना रीको थाना इलाके के सेंट स्कूल रोड बायपास की रात करीब 9 बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे जिले में हथियारबंद नाकाबंदी करवाई गई। देर रात तक पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा सामने आ रहा है। सामान उतारते समय अचानक हमला DSP रमेश कुमार शर्मा ने बताया- अर्जुनराम (38) निवासी बावड़ी कला हाल नेहरू नगर बाड़मेर बुधवार रात बोलेरो गाड़ी लेकर डेयरी और किराना की दुकान पर पहुंचे थे। गाड़ी से सामान उतार रहे थे तभी बाइक पर दो नकाबपोश बदमाश आए। एक बदमाश ने आते ही अर्जुनराम पर फायरिंग शुरू कर दी। खतरा भांपते ही अर्जुनराम दुकान के अंदर छिप गए और उनकी जान बच गई। दो राउंड फायर, एक गोली कार में धंसी बदमाशों ने मौके पर दो राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली बोलेरो कार में जा लगी। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी तुरंत फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी रमेश कुमार शर्मा, रीको थानाधिकारी भंवरलाल, कोतवाल मनोज कुमार सहित कई थानों का जाब्ता मौके पर पहुंचा। आरोपियों को पकड़ने के लिए जिले भर में ए-श्रेणी नाकाबंदी करवाई गई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। प्लॉट विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला SP नरेंद्र कुमार मीणा ने बताया- एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अर्जुनराम को साथ लेकर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्लॉट को लेकर परिवार में विवाद चल रहा है। आशंका है कि वारदात इसी रंजिश से जुड़ी हो सकती है।


