ग्रामीण डाक जीवन बीमा धारक की मौत पर मिला मुआवजा:नोमिनी को 3.05 लाख का चेक सौंपा, लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की मांग

भारतीय डाक विभाग के ब्यावर मंडल ने ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) के एक मृत्यु दावे का शीघ्र निस्तारण किया है। ब्यावर मंडल डाकघर अधीक्षक कमलेश प्रजापत ने दावाकर्ता सीता देवी को नोमिनी के तौर पर 3 लाख 5 हजार 384 रुपए का चेक प्रदान किया। बीमाधारक स्वर्गीय गोपाल सिंह ने जुलाई 2023 में 2.70 लाख की डाक जीवन बीमा पॉलिसी ली थी। इस पॉलिसी का मासिक प्रीमियम ₹1,893/- था। उसकी मृत्यु के बाद विभाग ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर 19 फरवरी 2026 को नोमिनी को भुगतान जारी कर दिया। बीमाधारक ने कुल 34,074 रुपए की प्रीमियम राशि जमा की थी, जबकि दावाकर्ता को 3 लाख 5 हजार 384 रुपए की राशि मिली है। इस त्वरित भुगतान से परिवार को वित्तीय सहायता मिली। इस अवसर पर सहायक अधीक्षक मुख्यालय ब्यावर बाबूलाल मीणा और सीपीसी इंचार्ज ब्यावर विकास प्रजापति भी मौजूद रहे। डाक जीवन बीमा (PLI) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) भारत सरकार की योजनाएं हैं। इनमें कम प्रीमियम पर आकर्षक बोनस और आयकर में छूट का प्रावधान है। पहले यह योजना केवल सरकारी और अर्ध-सरकारी कर्मचारियों के लिए थी, लेकिन अब स्नातक डिग्रीधारी (B.A., B.Com., B.Sc.) व्यक्ति भी डाक जीवन बीमा पॉलिसी ले सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग ग्रामीण डाक जीवन बीमा का लाभ उठा सकते हैं। डाक विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे “डाक सेवा – जन सेवा” के सिद्धांत पर आधारित इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *