जांजगीर | दिव्यांग क्रिकेट बोर्ड ऑफ इंडिया के तत्वावधान में पहली बार राष्ट्रीय दिव्यांग व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 21 से 23 फरवरी तक ओडिशा राज्य के बरगढ़ जिले स्थित लेंगू मिश्रा क्रिकेट स्टेडियम में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित की जा रही है। उप संचालक, समाज कल्याण विभाग ने बताया कि इस प्रतियोगिता में चार राज्य छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्रप्रदेश और गुजरात की टीमें भाग लेंगी। छत्तीसगढ़ राज्य से जांजगीर-चांपा जिले के चार खिलाड़ियों का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और योग्यता के आधार पर किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में धनंजय यादव (कप्तान), केशव चौहान, राकेश कश्यप एवं अमित बरेठ शामिल हैं। जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। समाज कल्याण विभाग की ओर से चयनित खिलाड़ियों को आवश्यक व्यवस्थाएं एवं सहयोग उपलब्ध कराया गया है, ताकि वे प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।


