कुरुक्षेत्र जिले के अकाउंटेंट कुलदीप धीमान की मोहाली के लालड़ू में चाकू मारकर हत्या करने के मामले में नया मोड़ आया है। पंजाब पुलिस को इलाके के बदमाशों पर शक है। हालांकि घटना को 8 दिन बीत चुके हैं, लेकिन हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिला। पंजाब पुलिस के मुताबिक, कुलदीप की हत्या के 2 दिन बाद उसी इलाके के पास बदमाशों ने एक शख्स से मोबाइल छीन लिया था। पुलिस को उन बदमाशों पर कुलदीप की हत्या में शामिल होने का शक है, क्योंकि हत्यारे अपने साथ कुलदीप का मोबाइल लेकर फरार हुए थे। लालड़ू फैक्ट्री में थे अकाउंटेंट कुलदीप धीमान उर्फ सोनू (38) पिहोवा की नंद कॉलोनी में रहते थे। वो पंजाब के मोहाली जिले के लालड़ू के पास एक नट-बोल्ट बनाने वाली फैक्ट्री में अकाउंटेंट थे। यहां काम करते हुए उन्हें करीब 10 साल हो चुके थे। रोजाना बस से घर से फैक्ट्री आना-जाना करते थे। 11 फरवरी की शाम कुलदीप फैक्ट्री से छुट्टी करके घर के लिए निकले थे। छुट्टी के बाद घर निकले अगले दिन उनका शव फैक्ट्री के पास एक खाली प्लॉट में खून से लथपथ पड़ा मिला। हत्यारों ने चाकू से उनके चेहरे, गले, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर 10-12 बार वार किए थे। हैरानी की बात ये कि उनका बैग, कैश और अन्य सामान सही सलामत था, सिर्फ मोबाइल गायब था। 15 मिनट बाद फोन बंद चचेरे भाई राजकुमार ने बताया कि फैक्ट्री से निकले के 15 मिनट बाद कुलदीप का फोन स्विच ऑफ हो गया। पूरी रात परिवार वाले इंतजार करते रहे। अगली सुबह तक कोई खबर न मिलने पर परिवार ने पिहोवा पुलिस को सूचना दी। इस दौरान कुलदीप की मौत की सूचना परिवार को मिल गई। CIA टीम कर रही जांच थाना लालड़ू SHO रणबीर सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच CIA भी कर रही है। पुलिस ने कुलदीप के दोस्त और फैक्ट्री के लोगों से पूछताछ की है। शुरुआती जांच में किसी से रंजिश की बात सामने नहीं आई। पुलिस को इलाके के मोबाइल छीनने वाले लोगों पर शक है। पुलिस उनको ट्रैस करने की कोशिश कर रही है। दो बच्चों का पिता था कुलदीप रामगोपाल उर्फ डिंपल ने बताया कि कुलदीप शादीशुदा था। उसकी पत्नी का नाम रीना है। करीब 15 साल पहले दोनों की शादी हुई थी। दोनों के 2 बेटे है है, जिनमें आयुष 12 साल और 7 साल का अक्षय है। करीब 12 साल से कुलदीप इसी फैक्ट्री में काम कर रहा था। उसकी मौत से परिवार में गम का माहौल है।


