तरनतारन जिले के नारली गांव में एक दुकान पर 11 साल के लड़के से बंदूक की नोक पर 8900 रुपए लूट लिए गए। बता दे कि खालड़ा थाना पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नारली निवासी रछपाल सिंह ने बताया कि वह कपड़े की दुकान चलाते हैं। घटना के दिन उन्होंने अपने 11 वर्षीय बेटे सुखमनदीप सिंह को दुकान पर बैठाया था और खुद गांवों में काम से गए थे। कुछ देर बाद सुखमनदीप ने अपने पिता को फोन पर बताया कि एक नकाबपोश युवक दुकान पर आया। हथियार दिखाकर की लूट आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर सुखमनदीप के बैग से 400 रुपये और दुकान में रखे सिक्कों से 8500 रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही रछपाल सिंह तुरंत दुकान पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


