बालोद| कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के लिए प्रेरक और उत्साहवर्धक संदेश जारी किया। मिश्रा ने विद्यार्थियों से तनाव मुक्त रहने और अपने परिश्रम पर भरोसा रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि साल भर की मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती और धैर्य ही परीक्षा के भय और तनाव से पार पाने की कुंजी है। यह परीक्षा केवल विषयों की नहीं, बल्कि छात्रों के कौशल और संकल्प की भी परीक्षा है, जो उनके भावी भविष्य की आधारशिला तय करती है। कलेक्टर ने यह भी बताया कि विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में अपनी शंकाओं का समाधान कर तैयारी को और मजबूत बनाया है। उन्होंने सलाह दी कि परीक्षा में स्थिर चित्त और सुदृढ़ आत्मविश्वास के साथ शामिल होना चाहिए, क्योंकि आत्मविश्वास ही सबसे बड़ा सहायक होता है।


