फैक्ट्री में फोर्कलिफ्ट की टक्कर से वर्कर की मौत:चाय पीते समय पीछे से चढ़ी मशीन, ड्राइवर पर नशे में होने का आरोप

पंजाब के लुधियाना में थाना साहनेवाल के इलाके गांव जसपाल बांगड़, इंडस्ट्री एरिया-सी स्थित एक फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम करने वाले रमाकांत (उम्र करीब 28-30 वर्ष) की फोर्कलिफ्ट मशीन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। 4 साल से कर रहा था फैक्ट्री में काम जानकारी के अनुसार, रमाकांत पिछले करीब 4 साल से फैक्ट्री में कार्यरत था। मंगलवार को वह फैक्ट्री परिसर में बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान लोड उठाने वाली फोर्कलिफ्ट मशीन के ड्राइवर ने कथित तौर पर नशे की हालत में गाड़ी का बैक गियर लगा दिया। आरोप है कि पीछे खड़े रमाकांत को देखे बिना मशीन उसके ऊपर चढ़ा दी, जिससे उसके सीने में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। रमाकांत उत्तर प्रदेश के जिला बस्ती का रहने वाला था और लुधियाना के महादेव नगर में किराए के मकान में रह रहा था। वह शादीशुदा था और उसकी शादी को करीब तीन साल हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही थाना साहनेवाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस फैक्ट्री का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। कुछ कर्मचारियों का आरोप है कि फैक्ट्री में बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के काम कराया जाता है, जिससे इस तरह के हादसे होते हैं। उधर, फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतक के परिवार को सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि परिवार और फैक्ट्री मालिकों के बीच समझौते (राजीनामा) की बातचीत भी चल रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *