बीएड कालेज कांकेर में 5 दिनी प्रशिक्षण का शुभारंभ

भास्कर न्यूज | कांकेर नई शिक्षा नीति के प्रावधानों एवं नवा अंजोर छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्यों के अनुरूप शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय (बीएड कॉलेज) कांकेर में विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखकर 5 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण चेतना विकास एवं मूल्य शिक्षा पर आधारित है, जो सह-अस्तित्ववाद और मध्यस्थ दर्शन के आलोक में पारिवारिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के संवर्धन पर केंद्रित है। कार्यक्रम में बीएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के समस्त प्रशिक्षणार्थी छात्राध्यापक सहभागी हो रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य डॉ. ओपी मिश्रा ने की। मानव अभ्युदय संस्थान, अछोटी की ओर से दीदी सुचित्रा सहित आमंत्रित प्रबोधकगण चंद्रहास साहू, कुमार साहू, कोमल महावीर, उदयराम जैन, रविशंकर साहू, प्रभुराम गंगबेर एवं हीरालाल साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। संस्था के सदस्य डॉ. रामरुद्र गिरि, डॉ. पूर्वा शर्मा, देवेंद्र कुमार साहू, पवन साहू एवं समस्त स्टाफ ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिक्षकों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु सक्षम एवं संवेदनशील बनाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के कार्यक्रम राज्य के शैक्षिक उद्देश्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह प्रशिक्षण भविष्य के शिक्षकों को मूल्यनिष्ठ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण की दिशा में सशक्त बनाने का एक सार्थक प्रयास है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *