विधायक बैरवा ने विधानसभा में उठाई किसानों की समस्या:बारां-अटरू कृषि मंडियों के विस्तार और सुविधाओं की मांग

विधायक राधेश्याम बैरवा ने गुरुवार को राजस्थान विधानसभा में बारां और अटरू क्षेत्र के किसानों व व्यापारियों की समस्याओं को उठाया। उन्होंने नियम 295 के तहत कृषि उपज मंडियों के विस्तार और सुविधाओं की कमी पर विशेष उल्लेख किया। बैरवा ने सदन को बताया कि बारां एक कृषि प्रधान जिला है, जहां हर साल बड़ी मात्रा में कृषि उपज मंडी में आती है। हालांकि, मौजूदा कृषि उपज मंडी का क्षेत्रफल बढ़ती आवक के अनुपात में पर्याप्त नहीं है।
सीमित स्थान के कारण नीलामी, भंडारण और आवागमन में किसानों व व्यापारियों को परेशानी होती है। खासकर बारिश के दौरान छायादार और सुरक्षित स्थान की कमी से उपज भीगकर खराब हो जाती है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। विधायक ने मांग की कि बारां कृषि उपज मंडी का विस्तार किया जाए। इसके लिए आसपास की भूमि का अधिग्रहण कर शेड, प्लेटफॉर्म, जल निकासी और सड़क जैसी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और व्यापारिक गतिविधियां सुचारु रूप से चलें। उन्होंने कवाई कृषि उपज मंडी में सरकारी वजन कांटे, टिन शेड और आंतरिक सड़कों के अभाव का भी जिक्र किया। इसी तरह, अटरू मंडी में भी पर्याप्त टिन शेड नहीं होने से किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक के विशेष उल्लेख पर संबंधित मंत्री ने किसानों और व्यापारियों को शीघ्र राहत प्रदान करने का आश्वासन दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *