कोटा की कोटा सेंट्रल जेल एक बार फिर सुर्खियों में है। जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं, जब सुरक्षा में तैनात एक होमगार्ड जवान को नशे की सामग्री जेल के अंदर ले जाते हुए पकड़ा गया। मामला सामने आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। होमगार्ड जवान कीर्ति शर्मा (55) को नियमित सुरक्षा जांच के दौरान रोका गया। सेंट्रल जेल के आरएसी कंपनी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि आरोपी पिछले एक महीने से जेल में ड्यूटी पर तैनात था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे ड्यूटी चेंज के दौरान वह करीब पांच मिनट देरी से पहुंचा और जांच में जल्दबाजी दिखाते हुए सुरक्षा जवानों पर दबाव बनाने लगा। संदेह होने पर जवानों ने उसकी गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान जवानों ने आरोपी के जूते और मोजे उतरवाए। जांच में जूते के सोल के अंदर छुपाई गई जर्दा और चरस की पुड़िया बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह बीमार है और यह सामग्री वह स्वयं के सेवन के लिए 3000 की लेकर आया था। हालांकि, इस स्पष्टीकरण के बावजूद सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। जेल के बाहरी सुरक्षा आरएसी की शिकायत पर नयापुरा थाना पुलिस ने आरोपी होमगार्ड जवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कब से इस तरह की गतिविधियां चल रही थीं और क्या इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं। वहीं इसकी सूचना जब प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने जब जेल प्रशासन को सुचना दी तो उन्होंने कहा कि यह बाहरी मामला है। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए। जबकि हर महीने यहां पर पुलिस के आला अधिकारी और जवानों के द्वारा चेकिंग की जाती है जेल के अंदर पिछले कई वर्षों से ना ही नशे का कोई सामान मिला और ना ही किसी भी तरह का कोई मोबाइल फोन।


