‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को गेजी में तीन दुकानों पर कार्रवाई की। इस दौरान एक दुकान से मिले एक्सपायरी डेट की कोल्डड्रिंक और नमक को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। साथ ही मिर्च मसालों के सैंपल भी लिए गए। खाद्य निरीक्षक असीमुद्दीन खान ने बताया कि अभियान के तहत गेजी स्थित तीन अलग-अलग किराना दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान एक दुकान पर पुरानी और एक्सपायरी डेट की कोल्डड्रिंक मिलीं। विभिन्न ब्रांडों की इन कोल्डड्रिंक्स को खाद्य निरीक्षक ने नष्ट करवाया। दुकान पर रखा एक्सपायरी डेट का नमक भी फिकवाया गया। खान ने बताया कि होली के त्योहार पर लोगों को खाने-पीने की शुद्ध सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान, खाद्य निरीक्षक ने अलग-अलग दुकानों से जीरा, साबुत धनिया और मिर्च पाउडर के सैंपल भी लिए। इन सैंपलों को जांच के लिए बांसवाड़ा लैब भेजा जाएगा। खाद्य निरीक्षक ने बताया कि लैब से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। होली के त्योहार को देखते हुए लोगों को शुद्ध सामग्री मिले, इसके लिए आगे भी लगातार कार्रवाई और सैंपलिंग जारी रहेगी।


