हनुमानगढ़ में दुकानों का पहली बार ऑनलाइन ऑक्शन:चढ़ावे की होगी सख्त मॉनिटरिंग, मां भद्रकाली मंदिर में चैत्र मेला 19 मार्च से

हनुमानगढ़ में देवस्थान विभाग ने मां भद्रकाली मंदिर में चैत्र मेले की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस साल मेला 19 से 27 मार्च तक आयोजित होगा। विभाग ने व्यवस्थाओं में बड़ा बदलाव करते हुए दुकानों का आवंटन पहली बार ऑनलाइन ऑक्शन के जरिए करने का निर्णय लिया है। यह प्रक्रिया अब तक ऑफलाइन होती थी।
विभाग के अनुसार, दुकानों का आवंटन पूरे वर्ष के लिए किया जाएगा। इससे अतिक्रमण और अवैध वसूली पर अंकुश लगने की उम्मीद है। मेला स्थल पर टेंट, बेरिकेडिंग, पेयजल, सफाई और रोशनी की व्यवस्था टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से की जाएगी। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और एक कर्मचारी को इनकी लगातार निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जिला प्रशासन के समन्वय से पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई हो सके। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन लगभग एक हजार लोगों के ठहरने की निःशुल्क व्यवस्था रैन बसेरों में की जाएगी। मंदिर को प्राकृतिक और कृत्रिम फूलों के साथ आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।
देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश ने बताया कि शौचालय, सफाई और पार्किंग शुल्क से संबंधित शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। चढ़ावा राशि की निगरानी के लिए स्थायी दानपात्र लगाए गए हैं, और निरीक्षकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। मंदिर परिसर में शराब या मांस चढ़ाना इस बार भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *