बैंक की लोन वसूली टीम पर जानलेवा हमला किया गया। बाप-बेटे ने लोहे की रॉड से हमला कर बैंककर्मियों की कार के शीशे तोड़ दिए और वाहन को आग के हवाले कर दिया। बैंक कर्मचारियों को जान बचाने के लिए अपनी गाड़ी छोड़कर भागना पड़ा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मामला श्रीगंगानगर के राजियासर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांव का है। अब 3 पॉइंट में समझिए पूरा विवाद… 1. लोन का बकाया वसूलने गई थी टीम
राजियासर थाने के एएसआई हनुमान मीणा ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक रघुनाथपुरा शाखा के प्रबंधक प्रमोद कुमार ने राजियासर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार को बैंक की रिकवरी टीम रघुनाथपुरा निवासी सुनील कुमार पुत्र राजाराम से पशु लोन का बकाया वसूलने गई थी। 2. पालतू कुत्ते पीछे छोड़े, कार में लगाई आग
रिपोर्ट में बताया- टीम को देखकर सुनील ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पालतू कुत्ते पीछे छोड़ दिए। इसके बाद अपने बेटे के साथ मिलकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया और कार के शीशे तोड़ दिए। जब टीम मेंबर गाड़ी छोड़कर भाग गए तो उसमें आग लगा दी। 3.पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया
शाखा प्रबंधक प्रमोद कुमार ने राजियासर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने सुनील कुमार और उसके बेटे कमल और प्रवीण के खिलाफ मारपीट और कार जलाने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामला राजियासर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांव का है।


