करौली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सदर करौली थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत स्मैक तस्करी के मामलों में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन दोनों आरोपियों पर 2-2 हजार रुपए का इनाम घोषित था। सदर थानाधिकारी यदुवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आमिर खान (33) शामिल है, जो पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। उसे कैलादेवी क्षेत्र से पकड़ा गया। दूसरा आरोपी भूरसिंह मीना (27) है, जिसे गांव बरगमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों आरोपी अवैध मादक पदार्थ स्मैक की तस्करी के मामलों में वांछित थे। थानाधिकारी यदुवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार निगरानी और तलाश के बाद दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उन्हें नियमानुसार कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई में सदर करौली थाना पुलिस की विशेष टीम शामिल थी। टीम में थानाधिकारी यदुवीर सिंह के साथ हंसराज, हडमानाराम, कंवरसिंह, धवलसिंह, ब्रह्मसिंह और ड्राइवर नरेशचंद शामिल थे। पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। इन गिरफ्तारियों से अवैध मादक पदार्थ तस्करों में खलबली मच गई है।


