हनुमानगढ़ में बाइक से पटाखे बजाने और यातायात नियमों के उल्लंघन की शिकायतों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 22 बुलेट सहित 52 बाइक जब्त की और 27 वाहनों का चालान काटा गया। एसपी अरशद अली को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सीओ सिटी मीनाक्षी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। जंक्शन सिटी थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह की टीम ने जिला मुख्यालय के विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान 22 बुलेट बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर पाए गए, जिनसे पटाखों जैसी आवाज निकल रही थी। पुलिस ने कुल 52 दोपहिया वाहन जब्त किए, जिनमें 22 बुलेट और 30 अन्य बाइक शामिल हैं। साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए 27 वाहनों का चालान किया गया। पुलिस ने बताया कि जब्त की गई बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर हटाने के बाद ही वाहन मालिकों को उनकी बाइक वापस की जाएगी। यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। मुख्य बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने जिलावासियों को चेतावनी दी है कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज बुजुर्गों, बच्चों और आम लोगों में भय का माहौल पैदा करती है। यह सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरनाक है। अगर कोई व्यक्ति बुलेट से पटाखे बजाते पकड़ा जाता है, तो वाहन सवार और साइलेंसर मॉडिफाई करने वाले मैकेनिक दोनों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


