मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। विजयवर्गीय की बात सुनकर हैरान रह गए सदस्य
विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने साथी मंत्री जगदीश देवड़ा को ‘छोटे कद का वित्त मंत्री’ कहकर संबोधित किया और उनकी तुलना शास्त्री जी से कर दी। यह सुनकर सदन में मौजूद लोग हैरान रह गए। हुआ यूं कि जैसे ही अध्यक्ष ने बजट भाषण के लिए वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का नाम पुकारा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय खड़े हो गए और बोले- जगदीश देवड़ा जी के बोलने से पहले मैं यह बताना चाहता हूं कि ये इतने छोटे कद के वित्त मंत्री हैं, जो शास्त्री जी के बराबर हैं। अध्यक्ष महोदय, ये छठी बार सदन में बजट पेश कर रहे हैं। जरा तालियां बजाकर इनका सम्मान करें। विजयवर्गीय की इस टिप्पणी का आशय कई लोगों को समझ में नहीं आया। वैसे अगर कद की बात की जाए तो कैलाश जी और जगदीश देवड़ा जी की हाइट में 19-20 का ही अंतर है। अब अगर कैलाश जी किसी और ‘कद’ की बात कर रहे थे, तो इसका अर्थ उनकी पार्टी और सरकार ही बेहतर तरीके से बता सकती है। हालांकि, कैलाश विजयवर्गीय ने अपने अंदाज में सदन की कार्यवाही की शुरुआत को खुशनुमा बना दिया। इसके बाद वित्त मंत्री ने चेहरे पर मुस्कान के साथ बजट भाषण पढ़ना शुरू किया। महिला ने महापौर को सबके सामने सुनाई खरी-खोटी
इंदौर में ‘संकल्प से समाधान’ कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव को खरी-खोटी सुना दी। महिला ने माइक पर यहां तक कह दिया कि आपकी पार्टी ठीक से काम नहीं कर रही है। महिला ने अपने क्षेत्र में कई दिनों से खुदे पड़े एक गड्ढे का जिक्र करते हुए कहा कि यह गड्ढा हादसों का कारण बन रहा था, जिसे आपके आने के ठीक पहले ही भरा गया। महिला ने सवाल उठाया कि यह काम पहले क्यों नहीं किया गया। इस पर महापौर ने जवाब दिया- मेरे आने का कुछ तो प्रभाव हो, दौरे करने इसीलिए आते हैं। महिला ने तुरंत कहा- अगर प्रभाव होता, तो आपका नाम ही काफी होना चाहिए था। आपको आने की जरूरत ही नहीं पड़ती। महिला ने सबके सामने महापौर को नसीहत देते हुए कहा- आप सुनिए, जनता से रूबरू होइए। अपने पार्षदों से कहिए कि वे घर-घर जाएं, लोगों की समस्याएं सुनें। जनता को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब महापौर ने कहा कि सुझाव अच्छे हैं और हम इस पर जरूर काम करेंगे, तो महिला ने दो टूक कहा- देखती हूं, आप कितनी कोशिश करते हैं। महिला की बातों पर वहां मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं, जबकि महापौर असहज नजर आए। अब लोग कह रहे हैं कि ये पब्लिक के पावर का पावरफुल उदाहरण था। हर्ष फायरिंग कर बुरे फंसे कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल
शिव बारात के दौरान घोड़े पर सवार होकर हर्ष फायरिंग करना श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल को भारी पड़ गया। पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस मामले को लेकर विधायक ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों को उनकी लोकप्रियता रास नहीं आई, इसलिए पुलिस-प्रशासन पर दबाव बनाकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। विधायक ने सफाई देते हुए कहा कि जिस हथियार से फायरिंग की बात कही जा रही है, वह कोई ओरिजिनल बंदूक नहीं थी, बल्कि सिर्फ आवाज करने वाली बंदूक थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वाले धर्म विरोधी हैं। इन्होंने शंकर बाबा का अपमान किया है। इस पूरे मामले की शिकायत विधायक ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से भी की है। विधायक का कहना है कि उनके पास भाजपा नेताओं के हर्ष फायरिंग करते हुए वीडियो मौजूद हैं और उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं कांग्रेस पार्टी अब दर्ज एफआईआर को निरस्त करने की मांग पर अड़ी हुई है। मामला राजनीतिक रंग ले चुका है, ऐसे में पुलिस भी फूंक-फूंककर कदम रख रही है। अपने ऊपर मंडरा रहे ड्रोन देखकर धीरेंद्र शास्त्री नाराज
फूल बरसाते ड्रोन को देखकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री भड़क गए। उन्होंने मंच से ही ड्रोन उड़ाने वाले युवक को जमकर फटकार लगाई। दरअसल, बागेश्वर धाम में आयोजित कन्या विवाह समारोह के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री अपने अतिथि अनिरुद्धाचार्य के साथ मंच पर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक फूलों की बारिश होने लगी। जब पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने ऊपर देखा तो ड्रोन मंडराते नजर आए। इस पर उन्होंने मंच से ही कहा- इन्हें बंद कर दो, नहीं तो मैं उछलकर इन्हें पकड़ लूंगा। ये बहुत उत्पात मचा रहे हैं। पंडित धीरेंद्र शास्त्री की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए और पूरा माहौल हल्का-फुल्का हो गया। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), शैलेष दीक्षित (इंदौर) गौरव मिश्रा (खजुराहो) ये भी पढ़ें –
धीरेंद्र शास्त्री ने चुकाया पंडित प्रदीप मिश्रा का कर्जा: शिवराज को राघवजी की नसीहत, गुटबाजी दूर करें पूर्व मंत्री राघव जी भाई ने विदिशा में भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी को सार्वजनिक कर दिया है। उन्होंने कहा कि यहां पार्टी अब पहले जैसी व्यवस्थित नहीं रह गई है। गुटबाजी बढ़ गई है। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान को भी नसीहत देते हुए कहा कि शिवराज जी को इस स्थिति पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। पूरी खबर पढ़ें


