राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी देने वाला पकड़ा:हाथ जोड़कर कहा- वीडियो की मुझे जानकारी नहीं, मैं सनातन से जुड़ा हूं

राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी देने वाले करणी सेना के कार्यकर्ता राजा आमेरा को कोटा पुलिस ने हिरासत में लिया। वीडियो सामने आने के बाद कोटा पुलिस राजा आमेरा को पूछताछ के लिए ले गई। इस दौरान भास्कर के रिपोर्टर ने राजा आमेरा से बात की। हाथ जोड़कर राजा आमेरा ने कहा- वीडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं है। विपक्षी पार्टियां फेक आईडी बनाकर यह चाल चल रही हैं। आमेरा ने कहा- मैं सनातन से जुड़ा हुआ हूं। देश को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहता हूं। एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया- पुलिस को एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें उद्योग नगर थाना क्षेत्र के प्रेम नगर निवासी राज आमेरा कांग्रेस सांसदों और राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी दे रहा था। वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। सबसे पहले जानिए, क्या था वीडियो में…. वीडियो में खुद को करणी सेना का बताते हुए शख्स ने संसद में ओम बिरला के चैंबर में हुई घटना का जिक्र किया। राज आमेरा ने कहा- ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के 25 सांसदों ने जो बदतमीजी की है। वह बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस सब के पीछे राहुल गांधी जिम्मेदार हैं। मैं चेतावनी देता हूं अगर दोबारा ऐसी घटना हुई तो उन 25 सांसदों के घर में तोड़फोड़ करेंगे और राहुल गांधी सुन लें उनके घर में घुसकर गोली मारेंगे। इसका जिम्मेदार प्रशासन होगा। मेरी मांग है कि उन 25 सांसदों पर कार्रवाई हो। मोदी सरकार में मंत्री किरेन रिजिजू को जो बयान सामने आया, उसे सुनने के बाद हम लोग काफी गुस्से में हैं। मेरी इस धमकी के बाद अगर मुझे जेल हो जाए तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है। विवाद पर किसने क्या कहा… पार्टी से नहीं है कोई संबंध भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कोटा शहर अध्यक्ष राकेश जैन ने वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति से पार्टी का किसी भी प्रकार का संबंध होने से इनकार किया है। भाजपा एक अनुशासित पार्टी है, जो राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम करती है। इस तरह की भाषा और आचरण भाजपा की विचारधारा और नैतिक मूल्यों के बिल्कुल खिलाफ है। पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर राकेश जैन ने प्रशासन से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध किसी भी कृत्य को कभी स्वीकार नहीं करती। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा कोटा कांग्रेस शहर अध्यक्ष राखी गौतम ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और 25 सांसदों को गोली मारने की धमकी दी है। यह घटना भाजपा कार्यकर्ताओं की फूट डालो और राज करो की राजनीति और ओछी मानसिकता को दर्शाती है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। अभी तक वीडियो भी नहीं देखा है वहीं, करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष महिपाल सिंह ने कहा- इस मामले की जानकारी नहीं है। मैंने अभी तक वीडियो भी नहीं देखा है। राज आमेरा को तीन-चार दिन पहले ही संभागीय प्रवक्ता बनाया गया था। विवाद से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… कांग्रेस का दावा- राहुल को गोली मारने की धमकी मिली:खेड़ा ने करणी सेना के कार्यकर्ता का वीडियो शेयर किया; आरोपी कोटा से पकड़ाया करणी सेना के एक कार्यकर्ता ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी दी है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने गुरुवार को यह दावा किया। उन्होंने धमकी वाला वीडियो भी सोशल मीडिया X पर शेयर किया है। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *