रायपुर में शिवाजी जयंती पर कुनबी समाज का भव्य आयोजन:कोटा सामाजिक भवन से निकली शोभायात्रा, प्रतियोगिताओं और सम्मान समारोह में बड़ी भागीदारी

रायपुर में छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती के अवसर पर कोटा स्थित कुनबी समाज भवन में शनिवार को भव्य और गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम पूरी तरह सामाजिक स्वरूप में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए। पूरे परिसर को भगवा ध्वज, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जिससे उत्सव का माहौल नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। समाज के वरिष्ठजनों ने शिवाजी महाराज के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रनिष्ठा पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि शिवाजी महाराज केवल एक महान योद्धा ही नहीं, बल्कि कुशल प्रशासक और जननायक भी थे। प्रतियोगिताओं में दिखा बच्चों का उत्साह महोत्सव के दौरान रंगोली, निबंध लेखन और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। फैंसी ड्रेस में कई बच्चों ने शिवाजी महाराज का रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शिवाजी महाराज के जीवन प्रसंगों और उनके पराक्रम पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विजेताओं को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। भव्य शोभायात्रा से गूंजा क्षेत्र कार्यक्रम के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा कुनबी समाज भवन से प्रारंभ होकर जगन्नाथ चौक, मोहबा बाजार से होकर राम दरबार से वापस समाज के भवन पहुंची। ढोल-ताशों की गूंज, भगवा पताकाएं और शिवाजी महाराज के जयकारों से पूरा इलाका उत्सवमय हो गया। समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए, जिससे शोभायात्रा और भी आकर्षक बन गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *