सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) 23 फरवरी को अमृतसर में ‘बॉर्डरमेन मैराथन 2025’ के चौथे संस्करण का आयोजन करेगा। यह मैराथन ‘ हैंड इन हैंड िवद बॉर्डर पॉपुलेशान थीम पर आधारित है। बीएसएफ के डायरेक्टर जनरल आईपीएस दलजीत सिंह चौधरी इसमें मुख्य अतिथि होंगे। 2022 से शुरू हुई ये मैराथन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित होती है। इस बार 5200 से अधिक रनर इसमें भाग लेंगे। इनमें भारत के अलावा अंतरराष्ट्रीय पेशेवर एथलीट भी शामिल होंगे। पंजाब के छह सीमावर्ती जिलों के युवा भी बड़ी संख्या में दौड़ेंगे। मैराथन में फुल मैराथन (42.195 किमी), हाफ मैराथन (21.097 किमी) और 10 किमी दौड़ की श्रेणियां होंगी। बीएसएफ ने महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए सभी श्रेणियों में फ्री पंजीकरण की सुविधा दी है। यह मैराथन गोल्डन गेट, अमृतसर से जेसीपी अटारी तक के ऐतिहासिक मार्ग पर होगी। विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। फुल मैराथन के विजेता को 1.5 लाख रुपए, हाफ मैराथन के विजेता को 75 हजार रुपए और 10 किमी दौड़ के विजेता को 40 हजार रुपए मिलेंगे। सीमावर्ती युवाओं के लिए विशेष श्रेणी भी रखी गई है। इसमें शीर्ष तीन विजेताओं को हाई-क्वालिटी साइकिलें दी जाएंगी। पंजाब के सीमावर्ती जिलों में इस मैराथन को लेकर जबरदस्त उत्साह है। बड़ी संख्या में युवा इसमें भाग लेंगे। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय धावकों के साथ दौड़ते हुए वे खेल भावना और सहनशक्ति का प्रदर्शन करेंगे। बॉर्डरमेन मैराथन सिर्फ एक दौड़ नहीं, बल्कि फिटनेस, खेल भावना और राष्ट्रप्रेम का उत्सव है। यह ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ को भी मजबूत करता है। बीएसएफ ने स्थानीय निवासियों से अनुरोध किया है कि वे मार्ग पर खड़े होकर धावकों का उत्साह बढ़ाएं।


