राजसमंद में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और अलग अलग इलाकों में बारिश हुई। गुरुवार सुबह मौसम पूरी तरह साफ हो गया और धूप निकली, लेकिन रात की बारिश के कारण ठंड ज्यादा महसूस हुई। जिले के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगह ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम बदलने से गेहूं की फसल को करीब 10 प्रतिशत तक नुकसान का अनुमान है। दिनभर बादल, कई इलाकों में बारिश बुधवार सुबह से ही बारिश के आसार बने हुए थे। दोपहर बाद जिले के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। बारिश के दौरान करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा चली, जिससे तापमान में गिरावट आई। कहां कितनी बारिश दर्ज बारिश के आंकड़ों के अनुसार आमेट में 1 एमएम, भीम में 7 एमएम, देवगढ़ में 23 एमएम, सरदारगढ़ में 1 एमएम और कुंवारिया में 5 एमएम बारिश दर्ज की गई। कुंवारिया, केलवा, आमेट, देवगढ़ और लावा सरदारगढ़ क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। गेहूं की फसल को नुकसान अचानक बदले मौसम का असर खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पर पड़ा है। कई जगह पककर तैयार फसल आड़ी पड़ गई। किसानों के अनुसार जिले में करीब 10 प्रतिशत तक नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।


