मदन राठौड़ बोले-पिछली सरकार में होटलों में बैठे थे विधायक:CM कुर्सी बचाने में लगे रहे और उपमुख्यमंत्री कुर्सी की टांग खिचाई में लगे रहे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। राठौड़ ने कहा- पहले की सरकार ने किया क्या था, कोई बता दें मुझे। पहले की सरकार में मुख्यमंत्री कुर्सी बचाने में लगे रहे और उपमुख्यमंत्री कुर्सी की टांग खिचाई में लगे रहे। समर्थक विधायकों को लेकर होटल में बैठे रहे। वो कहां सरकार चला रहे थे। हमारी सरकार ने 35 लाख करोड़ के एमओयू किए। इसमें से आठ हजार करोड़ के तो धरातल पर आ गए। काम हमने किया। मदन राठौड़ ने आगे कहा- जब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान आए तो देश-प्रदेश की जनता को सौगात दी और इस बार भी सौगात देंगे। यही कारण है कि जनता और भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को होने वाली सभा की तैयारियों का जायजा लेने राठौड़ अजमेर आए थे। मदन राठौड़ ने कही ये 3 बड़ी बातें… 1. यह हमारे लिए अच्छी बात है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बारे में राठौड़ ने कहा- ये हमारे लिए सौभाग्य की बात है और विशेष तौर से राजस्थान के लिए। प्रधानमंत्री जब कभी आते है तो वरदान साबित होता है। यहां आएंगे तो लाभ मिलेगा ही। जब वे बीकानेर आए थे, तो उन्होंने सॉइल टेस्टिंग की घोषणा की थी। बालोतरा में एक रिफ़ाइनरी का शिलान्यास किया था। अभी बांसवाड़ा में आए तो एटोमिक एनर्जी के प्लांट का शिलान्यास किया। यह एक सरकारी प्रोग्राम है, और सरकारी अफसर जैसा ठीक समझेंगे, वैसा करेंगे। 2. बजट की 80% घोषणाएं पूरी राठौड़ ने कहा-लराजस्थान सरकार ने बजट में कई घोषणाएं की थीं। 80% से ज़्यादा काम पूरा हो चुका है। हमारी सरकार ने 2 साल में कांग्रेस ने 5 साल से कई गुना ज़्यादा काम किया। मोदी हमारे नेता हैं, और वो जो कहेंगे वो किया जाएगा। कांग्रेस लीडरलेस है और उसका कोई नेता नहीं है। 3. सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देती है राठौड़ ने आगामी चुनावों को लेकर कहा- भाजपा सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देती है। पिछली सरकार ने वार्डों का गठन अपने पसंदीदा लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए किया था। कुछ वार्डों में जनसंख्या 2 हजार थी, जबकि कुछ में 7 हजार। वर्तमान सरकार जनसंख्या के समान वितरण के आधार पर जिलों और वार्डों का पुनर्गठन कर रही है, ताकि सभी को समान प्रतिनिधित्व मिले और जनता को न्याय मिले। इसमें समय लगा, लेकिन चुनाव होंगे और सही जनप्रतिनिधि चुनकर आएंगे। चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा मैदान में कूदने के लिए तैयार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *