डूंगरपुर नगर परिषद ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में गंदे और कंटीली झाड़ियों से भरे 15 भूखंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। परिषद ने भूखंड स्वामियों को स्वयं सफाई कराने के लिए पहले दो बार सार्वजनिक सूचना जारी की थी, लेकिन निर्धारित समय में सफाई नहीं होने पर परिषद ने स्वयं अभियान चलाकर इन भूखंडों को साफ करवाया। परिषद की टीम ने पत्रकार कॉलोनी क्षेत्र में 8 प्लॉट, सदर थाना से हॉस्पिटल रोड तक 6 प्लॉट और हॉस्पिटल रोड स्थित मंगल चाय के पास एक प्लॉट पर सफाई अभियान चलाया। सफाई के बाद इन भूखंडों पर नगर परिषद की संपत्ति के बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। आयुक्त प्रकाश डूडी ने बताया कि संबंधित भूखंड स्वामियों को जुर्माना राशि जमा कराने के लिए सात दिन की अंतिम मोहलत दी गई है। यदि वे 10 हजार रुपए की जुर्माना राशि परिषद में जमा कराकर बोर्ड नहीं हटवाते हैं, तो इन भूखंडों को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त शहर में मकान या भवन निर्माण के दौरान रेत, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री को सड़क या नाली में फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। ऐसे मामलों में 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाने के साथ निर्माण सामग्री जब्त की जाएगी। आयुक्त ने यह भी बताया कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


