आपसी रंजिश में फायरिंग करने के मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी दूसरे राज्य में भागने की फिराक में थे। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी कट्टे और 24 जिंदा कारतूस बरामद किए गए है। फायरिंग की घटना कोटा ग्रामीण पुलिस ने सांगोद थाना क्षेत्र में हुई थी। जान से मारने की नीयत से की थी फायरिंग कोटा ग्रामीण सुजित शंकर एसपी ने बताया- 17 फरवरी को घटाल गांव में फायरिंग की वारदात हुई थी। मामले में फरियादी हरिप्रसाद मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया था कि पुरानी रंजिश के चलते भागीरथ मीणा के बेटे अरिहंत उर्फ आर्यन ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। सांगोद थाने में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। अवैध देशी कट्टे और 24 जिंदा कारतूस बरामद गठित टीमों ने छबड़ा, छीपाबड़ोद, अंता, बांरा, बूंदी, कापरेन सहित कई स्थानों पर लगातार दबिश दी। इस दौरान साइबर और डीएसटी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बूंदी जिले के देईखेड़ा क्षेत्र में छिपे हैं और दूसरे राज्य भागने की फिराक में हैं। सूचना पर साइबर सेल, जिला विशेष टीम (डीएसटी) और थाना सांगोद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भागीरथ मीणा और अरिहंत उर्फ आर्यन को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से से पूछताछ कर दो अवैध देशी कट्टे और 24 जिंदा कारतूस बरामद किए। फिलहाल पुलिस हथियारों के बारे में संभावित नेटवर्क को लेकर गहन अनुसंधान कर रही है।


