कोरबा| गोपालपुर के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से आधी रात को स्कॉर्पियो में पहुंचे बदमाश टंकी से 200 लीटर डीजल निकालकर ले भागे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत है। घटना दर्री थाना अंतर्गत गोपालपुर के पास मंगलवार-बुधवार देर रात 1 बजे की है। यहां पर ट्रेलर को खड़ा कर चालक सो रहा था। इस दौरान काली कलर की स्कॉर्पियो ट्रेलर के पास आकर रुकी। इसमें से 5 लोग उतरे, जो सब्बल से डीजल टंकी का लॉक तोड़कर डिब्बों में डीजल भरने लगे। चालक ने बाहर निकलकर उनका विरोध किया तो उसे धमकाते हुए 200 लीटर डीजल निकालकर ले गए। बदमाशों के भागने के बाद ट्रेलर चालक ने आसपास खड़े अन्य वाहन के चालकों को घटना की जानकारी दी, जिससे वहां दहशत फैल गई। चालक ने बदमाशों के डर से पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी।


