मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के विद्यार्थी एक्सपोजर विजिट पर सदर अस्पताल पहुंचे

भास्कर न्यूज | सरायकेला एनआर प्लस टू मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 22 छात्र-छात्राएं 10 दिवसीय एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचे। सोशल स्टडीज विषय को व्यवहारिक रूप से समझने के उद्देश्य से आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से छात्रों का स्वागत करते हुए उन्हें विभिन्न विभागों का क्रमवार भ्रमण कराया गया। सबसे पहले ओपीडी में मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया, टोकन व्यवस्था, चिकित्सकीय जांच व दवा वितरण प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके बाद इंडोर वार्ड में भर्ती प्रक्रिया, मरीजों की देखभाल, नर्सिंग व्यवस्था और उपचार की प्रणाली को समझाया गया। विद्यार्थियों को आपातकालीन कक्ष की कार्यशैली, गंभीर मरीजों के त्वरित उपचार की व्यवस्था तथा अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। भ्रमण के दौरान छात्रों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को नजदीक से देखा और कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे। ब्लड बैंक में ब्लड सैंपल कलेक्शन और जांच के बारे में ली जानकारी : ब्लड बैंक में रक्त संग्रहण, ब्लड सैंपल जांच, क्रॉस-मैचिंग तथा सुरक्षित रक्त भंडारण की प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी दी गई। लैब टेक्नीशियन शिवकुमार एवं अरधेंदू ने तकनीकी पहलुओं को सरल भाषा में समझाते हुए विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। मौके पर लैब टेक्नीशियन शिवकुमार स्वास्थ्य सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए छात्र-छात्राओं को आगे आने का कारण उन्होंने कहा कि अपने परिवार एवं अभिभावकों को स्वास्थ सुविधाओं के बारे में जानकारी दें और इनका लाभ लें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *