भास्कर न्यूज| चाईबासा गांव में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद को लेकर 19 फरवरी को सुबह खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत ईचचिंग गांव के चबूतरा में ग्राम सभा की बैठक ग्राम मुंडा नारायण बानरा सांगाजाटा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें मागे परब के बाद पिछले 16 फरवरी की शाम को उसी गांव के मनचले युवाओं के द्वारा डीजे साउंड सिस्टम ले आने के कारण अभिभावकों के द्वारा युवाओं को समझाने पर विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने गांव के बड़े बुजुर्गों को जान से मारने की धमकी दे डाली। बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता साधु हो भी उपस्थित रहे। बैठक में दोनों पक्षों के बीच एक दूसरे के ऊपर आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला काफी देर तक चला, फिर अंत में समाज के बुद्धिजीवियों के द्वारा दोनों पक्षों को समझा बुझा कर सुलह समझौता कराया गया। ग्राम सभा द्वारा मनचले युवकों को ग्राम सभा को प्रदत शक्तियों तथा गांव की सामाजिक पारंपरिक व्यवस्था से अवगत कराते हुए जिम्मेदारियों का एहसास कराया। गांव मैं शांति व्यवस्था को बहाल रखने के लिए समाज के बुद्धिजीवियों ने युवाओं को सांस्कारिक बनने का सुझाव दिया। मामले को सुलझाने के बाद सर्व सहमति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी घटनाएं न हों। बैठक में काफी संख्या में गांव के लोग मौजूद रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी पारंपरिक तरीके से मुंडा की अध्यक्षता में ग्राम सभा की बैठक बुलाकर विवादों का निपटारा किया जाता है। ग्राम सभा द्वारा मामले का निपटारा करने के बाद दोनों पक्षों के बीच गिलास या पत्तों से बनी कटोरी में पानी दिया जाता है और दोनों व्यक्ति एक दूसरे को दिए गए पानी पीने पिलाने के बाद विवाद को समाप्त कर एक-दूसरे को गले लगाया जाता है।


