भास्कर न्यूज | धमतरी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी, शुक्रवार से शुरू हो रही हैं। कक्षा 12वीं का पहला पेपर भूगोल का होगा, जिसे लेकर छात्र-छात्राएं देर- रात तक अपनी अंतिम तैयारी में जुटे रहे। नकल पर रोक लगाने जिला स्तर पर 16 उड़नदस्ता टीमें बनाई गई हैं, जिनमें प्रत्येक में 2 अधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा शिक्षा विभाग द्वारा 2 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जबकि विकासखंड स्तर पर 4 टीमों का गठन किया है, जिनमें भी 4-4 अधिकारी होंगे। परीक्षा के लिए 2 नए परीक्षा केंद्र रिसगांव, कोसमर्रा स्कूल को बनाया है। डीईओ अभय जायसवाल ने बताया कि धमतरी जिले में बोर्ड परीक्षाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 12वीं की परीक्षा 20 फरवरी से आरंभ होगी, जिसमें पहला पेपर भूगोल और भौतिक शास्त्र का होगा। इस परीक्षा में कुल 7812 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए 83 परीक्षा केंद्र है। वहीं, कक्षा 10वीं की परीक्षा 21 फरवरी से शुरू होगी, जिसमें 10 हजार 840 परीक्षार्थी पंजीकृत है। इसके लिए 85 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। शिक्षा विभाग द्वारा जरूरी सभी तैयारियां जैसे प्रश्न पत्र, उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण पहले ही पूरा कर लिया गया है।


