भास्कर न्यूज | कोरबा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में आरोपी कटघोरा में पदस्थ रहे कृषि मंडी अधिकारी को पुलिस ने रायगढ़ के घरघोड़ा से गिरफ्तार किया। कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी के मुताबिक क्षेत्र की एक पीड़िता ने कटघोरा में पदस्थ रहे पूर्व कृषि मंडी अधिकारी राहुल साहू के खिलाफ बुधवार को रिपोर्ट लिखाई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी राहुल साहू उसे शादी करने का झांसा देकर पिछले 1 साल से उससे फिजिकल रिलेशन बनाया। इसी माह दोनों की शादी तय करने की बात कही थी, जिससे उसका परिवार तैयारियों में जुटा था, लेकिन एकाएक राहुल साहू ने शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़िता के परिवार के मानने पर भी नहीं मानने पर थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेकर प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी राहुल साहू की जानकारी जुटाई। तकनीकी साक्ष्यों व अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी का लोकेशन गृह क्षेत्र घरघोड़ा (रायगढ़) में मिला। इसके आधार पर गुरुवार को पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में आगे विवेचना जारी होने की जानकारी दी है।


