दुर्ग| दुर्ग जिले को मिलने वाली राज्य के दूसरे सैनिक स्कूल की सौगात अब धमतरी चली गई है। हाल ही में दुर्ग के सांसद विजय बघेल ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उनकी पहल पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुर्ग में नया सैनिक स्कूल खोलने की अनुमति दी है। लोक शिक्षण संचालनालय ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि नया सैनिक स्कूल धमतरी में खोला जाएगा। यह निर्णय धमतरी कलेक्टर के भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर लिया गया है, जिसमें पर्याप्त भूमि उपलब्धता और जिले में निवासरत सैनिक परिवारों की संख्या को प्रमुख आधार बनाया गया है। सांसद बघेल ने पहले कहा था कि दुर्ग में सैनिक स्कूल खुलने से बस्तर संभाग और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय सैन्य शिक्षा का अवसर मिलेगा। फिलहाल प्रदेश में एकमात्र सैनिक स्कूल अंबिकापुर में संचालित है। ऐसे में दुर्ग में दूसरे स्कूल की उम्मीदें काफी बढ़ गई थीं। अब धमतरी में स्कूल खुलने से वहां के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, लेकिन दुर्ग में नए सैनिक स्कूल की उम्मीद फिलहाल अधूरी रह गई है।


