भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार संत शिरोमणि बाबा गुरुघासीदास की जन्मस्थली एवं तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में 22 से 24 फरवरी तक आयोजित होने वाले संत समागम एवं गुरुदर्शन मेले की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता गुरुवार को गिरौदपुरी पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त जनसुविधाएं और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मेले में आने वाले लोगों को बेहतर अनुभव मिले। उन्होंने सुरक्षा, पार्किंग, ट्रैफिक नियंत्रण, कंट्रोल रूम और वायरलेस व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। चिकित्सा सुविधाओं के तहत मेला परिसर में आठ स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर, एक मोबाइल मेडिकल यूनिट, 10 बिस्तरों का अस्थायी अस्पताल और 10 एम्बुलेंस तैनात करने को कहा गया है। आपात स्थिति के लिए आठ अग्निशमन वाहन भी उपलब्ध रहेंगे। एसपी भावना ने बताया कि मेले में इस बार 1150 पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। पूरे मेला क्षेत्र में 50 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनकी निगरानी मुख्य कंट्रोल रूम से की जाएगी। कुल नौ कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे और आठ स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मेले के दौरान तीन दिनों तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, साथ ही मेला क्षेत्र में शराब और मांस की बिक्री पर भी रोक रहेगी। मेले में इस वर्ष सुविधाओं का विस्तार किया गया है। दाल-भात केंद्र संचालन के लिए 220 समूहों का चयन किया गया है। इसके अलावा नौ स्वास्थ्य शिविर, 10 एम्बुलेंस, 250 अस्थायी नल कनेक्शन, 48 पानी टैंकर, 550 सफाई कर्मचारी, 100 अस्थायी और 80 स्थायी शौचालय, 16 चलित शौचालय, 55 स्नानागार, 18 विद्युत ट्रांसफार्मर, 10 जनरेटर, आठ अग्निशमन वाहन, दो क्रेन की व्यवस्था रहेगी। कलेक्टर और एसपी ने हेलीपेड, जैतखाम, गुरु मंदिर मार्ग, छाता पहाड़ और बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। गिरौदपुरी मेले में जनसुविधाओं की जानकारी के लिए वेबसाइट व मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया। गुरुवार को सर्किट हाउस गिरौदपुरी में धर्मगुरु बालदास साहेब ने लैपटॉप पर क्लिक कर वेबसाइट और मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। जिला प्रशासन के अनुसार वेबसाइट www.giraudpurimela.c om और मोबाइल ऐप के माध्यम से मेले में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। वेबसाइट के ऐप इंस्टॉल लिंक से मोबाइल ऐप डाउनलोड किया जा सकता है। वेबसाइट, मोबाइल ऐप और क्यूआर कोड के जरिए भोजन, पेयजल, पार्किंग, कंट्रोल रूम, चिकित्सा व एम्बुलेंस, स्नानघर, निस्तारी और शौचालय सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी एंड्रॉइड मोबाइल पर उपलब्ध होगी। मेला स्थल पर जगह-जगह क्यूआर कोड और नक्शे वाले बैनर लगाए जा रहे।


