22 को 14 केंद्रों में 3515 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

भास्कर न्यूज | रायगढ़ छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग, रायपुर द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली अपरान्ह 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। रायगढ़ जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 3,515 परीक्षार्थी शामिल होंगे। डिप्टी कलेक्टर एवं परीक्षा नोडल अधिकारी ने बताया कि परीक्षा में शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को कई सख्त निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। जिन अभ्यर्थियों के नाम/सरनेम और फोटो पहचान पत्र में अंतर है, उन्हें शपथ पत्र की मूल प्रति प्रस्तुत करने के बाद ही परीक्षा में प्रवेश मिलेगा। परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थी केवल कुछ निश्चित सामग्री रख सकेंगे, जैसे लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल, आयोग द्वारा जारी प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र, काले या नीले बॉलपॉइंट पेन, एचबी पेंसिल (चित्रात्मक परीक्षा में) और 2 पासपोर्ट साइज फोटो यदि आवश्यक हो। हल्के रंग और आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही केंद्र में प्रवेश करना होगा अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही परीक्षा में प्रवेश करना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और चॉकलेटी रंग के कपड़े वर्जित हैं। महिलाएं सलवार-कुर्ती या आधी बांह वाली ब्लाउज वाली साड़ी पहन सकती हैं, जबकि किसी भी प्रकार के आभूषण, प्रतीक चिन्ह या डिजिटल ग्लासेस की अनुमति नहीं होगी। विवाहित महिलाएं एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र धारण कर सकती हैं। प्रत्येक पाली में परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। यह समय मेटल डिटेक्टर व मैनुअल तलाशी, पहचान पत्र व प्रवेश पत्र का सत्यापन तथा चेहरे के मिलान के लिए रखा गया है। परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *