लुधियाना| थाना साहनेवाल के अंतर्गत गांव जसपाल बांगड़, इंडस्ट्री एरिया-सी स्थित राज ऑटो इंडस्ट्री में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में कार्यरत एक मजदूर की माल उठाने वाली ट्रक मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रमाकांत (28) निवासी जिला बस्ती, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो लुधियाना के महादेव नगर में किराए पर रहता था। जानकारी के अनुसार, रमाकांत पिछले करीब चार साल से फैक्ट्री में काम कर रहा था। बुधवार को वह फैक्ट्री परिसर में बैठकर चाय पी रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान माल उठाने वाली ट्रक मशीन चालक ने कथित तौर पर नशे की हालत में मशीन का बैक गियर लगा दिया। आरोप है कि चालक ने पीछे बैठे कर्मचारियों पर ध्यान नहीं दिया और मशीन रमाकांत पर चढ़ गई। उसके सीने में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना साहनेवाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।


