राजिम में दो दिवसीय ओपन कबड्डी स्पर्धा सम्पन्न, विजेताओं को नगद पुरस्कार दिए

भास्कर न्यूज | राजिम क्रीड़ा भारती के सौजन्य एवं जिला कबड्डी संघ के सहयोग से राजिम में दो दिवसीय ओपन कबड्डी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुरुष वर्ग में अमलोर कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और 11,000 रुपये का नगद पुरस्कार जीता। जी.एस. पटेवा टीम द्वितीय रही, जिसे 8,000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। महिला वर्ग में प्रगति क्लब रायपुर ने प्रथम स्थान हासिल कर 11,000 रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि खुड़ियाडीही की टीम द्वितीय रही और उसे 8,000 रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में चंदूलाल साहू, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने की। विशेष अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, क्रीड़ा भारती छत्तीसगढ़ एवं महाकोशल प्रांत के संगठन मंत्री कौशलेंद्र, प्रांत मंत्री सुमित उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संदीप शर्मा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर कहा कि कबड्डी एक पारंपरिक और लोकप्रिय खेल है, जो टीम भावना, अनुशासन और शारीरिक-मानसिक मजबूती को बढ़ाता है। उन्होंने बताया कि कबड्डी फेफड़ों की क्षमता और मांसपेशियों की ताकत बढ़ाने वाला पावर गेम है। इस अवसर पर क्रीड़ा भारती की प्रांत उपाध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुश्री नीता डूमरे, सह प्रांत कार्यवाह गोपाल यादव, वरिष्ठ नेता श्याम अग्रवाल, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के कोषाध्यक्ष सेवाराम साहू सहित अनेक पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *