पुलिस कमिश्नर व एसएसपी को लंबित शिकायतों का 15 दिनों में निपटारा करने का निर्देश दिए

भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाब विधानसभा की अनुसूचित जातियों (एससी), अनुसूचित जनजातियों (एसटी) और पिछड़ी श्रेणियों (बीसी) की भलाई के लिए गठित समिति ने वीरवार को बचत भवन, लुधियाना में जिला प्रशासन के अधिकारियों से केंद्र और पंजाब सरकार की ओर से इन वर्गों के लिए चलाई जा रही कल्याण योजनाओं का मूल्यांकन किया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर लुधियाना और एसएसपी लुधियाना देहाती के अधिकारियों के साथ एससी वर्ग से संबंधित प्राप्त शिकायतों और एट्रोसिटी मामलों की संपूर्ण रिपोर्ट का निरीक्षण भी किया गया। इस उच्चस्तरीय समिति की अध्यक्षता जगराओं से विधायक सरबजीत कौर माणुके ने की। समिति में अमृतसर पश्चिम से विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू, बठिंडा देहाती से विधायक इंजीनियर अमित रतन, भुच्चो से विधायक मास्टर जगसीर सिंह, नवांशहर से विधायक डॉ. नछत्तर पाल, फगवाड़ा से विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल तथा बाबा बकाला से विधायक दलवीर सिंह टोंग शामिल हुए। समिति ने विभिन्न कल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र व पंजाब सरकार की कल्याण योजनाओं का पूरा लाभ निचले स्तर तक उन जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाए, जो इसके पात्र हैं। समिति ने पुलिस कमिश्नर लुधियाना और वरिष्ठ पुलिस कप्तान (एसएसपी) लुधियाना (देहाती) के पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और पिछड़ी श्रेणियों से संबंधित उनके कार्यालयों में लंबित पड़ी शिकायतों का 15 दिनों के भीतर निपटारा कर इसकी रिपोर्ट पंजाब विधानसभा, चंडीगढ़ को भेजी जाए। विधानसभा समिति ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एससी, एसटी और बीसी वर्ग को सरकार की कल्याण योजनाओं व सुविधाएं देने में कोई कमी न छोड़ी जाए। इसके अलावा छात्रवृत्ति और एट्रोसिटी पीड़ितों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता पर भी चर्चा हुई। पुलिस प्रशासन ने विश्वास दिलाया कि जिला प्रशासन के सहयोग से इन लाभों को सीधे पात्र लोगों के घरों तक पहुंचाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *