बिना अनुमति जनरेटर चलाने पर दो और स्कूल प्रबंधन पर केस

भास्कर न्यूज |लुधियाना सराभा नगर इलाके में संचालित निजी स्कूलों की गतिविधियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नियमों को ताक पर रखकर बिजली जनरेटर चलाने और जमीन के कथित गलत इस्तेमाल को लेकर दो स्कूल प्रबंधन अब कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ गए हैं। विभागीय शिकायतों के बाद थाना डिवीजन नंबर-5 पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वाणिज्य अग्र नगर मंडल के सहायक कार्यकारी इंजीनियर की ओर से भेजे गए पत्रों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पत्र नंबर 340 (दिनांक 5 जनवरी 2026) में बताया गया कि न्यू हाई स्कूल प्रबंधन बिना किसी अधिकृत अनुमति के बिजली जनरेटर का इस्तेमाल कर रहा था। जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर स्कूल मैनेजमेंट के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। इसी तरह पत्र नंबर 342 (दिनांक 5 जनवरी 2026) के जरिए श्री राम ग्लोबल स्कूल के खिलाफ भी रिपोर्ट भेजी गई। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने नियमों की अनदेखी करते हुए जनरेटर का संचालन किया, जबकि इसके लिए संबंधित विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य था। पुलिस ने इस शिकायत पर भी अलग से मुकदमा दर्ज किया है। उधर, इन्हीं स्कूलों से जुड़ा एक और मामला पहले ही दर्ज हो चुका है। 8 जनवरी 2025 को डिवीजन नंबर-5 थाने में दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया था कि स्कूल की प्रबंधन समिति ने संस्थान की जमीन के कुछ हिस्से निजी व्यक्तियों को व्यवसायिक किराए पर दे दिए। साथ ही एलआईटी और स्कूल ट्रस्ट के बीच हुए मूल बिक्री विलेख में कथित छेड़छाड़ का भी जिक्र किया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *