भास्कर न्यूज | राजिम ग्राम पंचायत सेम्हरतरा में ग्राम विकास समिति और ग्रामवासियों के सहयोग से तीन दिवसीय विराट श्री मारुति यज्ञ का आयोजन किया गया। यह यज्ञ दूसरे वर्ष आयोजित किया गया और राष्ट्रीय कथावाचक सिद्धेश्वरनाथ महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। तीन दिनों तक सुबह से ही पूजन-पाठ और वेद मंत्रों के साथ हवन चलता रहा। दोपहर में हरि कीर्तन और संगीतमय रामायण का आयोजन किया गया, जबकि रात्रि में लोक चिन्हारी भरथरी कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसने ग्रामीण संस्कृति और भक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। यज्ञ के दौरान हनुमंत लाल महाराज की विशेष पूजा-अर्चना भी की गई। इस अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य गांव और संपूर्ण क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करना था। कार्यक्रम में रोहित साहू, फिंगेश्वर जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू और भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए और महाराज जी का आशीर्वाद लिया। विधायक रोहित साहू ने कहा, “सेम्हरतरा की पावन भूमि पर आयोजित यह विराट श्री मारुति यज्ञ अद्भुत है। ऐसी धार्मिक गतिविधियां हमारी संस्कृति को जीवंत रखती हैं और समाज में भाईचारा बढ़ाती हैं। मैं आयोजकों और ग्रामवासियों को इस शानदार आयोजन के लिए बधाई देता हूँ। राज्य और क्षेत्र की खुशहाली के लिए सरकार और मैं हमेशा प्रतिबद्ध हैं। जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू ने कहा कि यज्ञ से दैवीय कृपा प्राप्त होती है और पर्यावरण की शुद्धि होती है। ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष ओमकुमार साहू, सचिव योगेश्वर साहू, विधायक के निज सहायक किशोर साहू, पंचगण कमलनारायण साहू, इंद्र कुमार साहू, खेमसिंह साहू, नंदकुमार साहू, संत राम साहू, पूरन साहू, लक्ष्मी नारायण साहू, इंद्र कुमार साहू और डेलू राम साहू ने विशेष योगदान दिया। साथ ही उपसरपंच नंद साहू और समस्त ग्रामवासियों ने भी उत्साहपूर्वक सहयोग किया।


