परीक्षा आंकलन है, जीवन की अंतिम कसौटी नहीं

भास्कर न्यूज | कांकेर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं की वार्षिक बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से प्रारंभ हो रही है। इस अवसर पर कांकेर जिले में “जिला परीक्षा महोत्सव” का आयोजन किया गया, जिसे लेकर जिला कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षकों को कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो उनके भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाता है। जिले के विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी एवं नियमित मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से कांकेर में संचालित “हमर लक्ष्य” कार्यक्रम के माध्यम से सतत अभ्यास, प्रेरणा और मार्गदर्शन प्रदान किया गया है। हमर लक्ष्य के अंतर्गत किए गए निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम बोर्ड परीक्षा में अवश्य देखने को मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे परीक्षा में पूर्ण आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और अनुशासन के साथ सम्मिलित हों। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा केवल ज्ञान का आकलन है, जीवन की अंतिम कसौटी नहीं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपने परिश्रम पर विश्वास रखें, शांत मन से प्रश्नों को पढ़ें और सटीक उत्तर दें। पालकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों के लिए सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण बनाएं। बच्चों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उनका मनोबल बढ़ाना आवश्यक है, ताकि वे मानसिक रूप से सशक्त रहकर परीक्षा दे सकें। शिक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे हमर लक्ष्य की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों का सतत मार्गदर्शन करते रहें और परीक्षा के दौरान उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करें। शिक्षकों का अनुभव एवं प्रेरणा विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को सुदृढ़ करता है। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा का संचालन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *