दुर्गूकोंदल| भाजपा युवा मोर्चा मंडल दुर्गूकोंदल के पूर्व महामंत्री सोमल जैन ने तहसीलदार दुर्गूकोंदल को ज्ञापन सौंपकर चैन माउंटेन मशीन से रेत खनन और अवैध खदान पूर्णतः बंद करने की मांग की है। युवा मोर्चा के पूर्व महामंत्री सोमल जैन ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार जुआ-सट्टा, रेत, अवैध कारोबार और अपराध के खिलाफ सख्त और संवेदनशील तरीके से कार्रवाई कर रही है, लेकिन विकासखंड दुर्गूकोंदल में शासन के नियमों के विरुद्ध रेत खदानों में चैन माउंटेन मशीन से खुदाई तथा हाईवा वाहनों से कमजोर सड़कों पर परिवहन किया जा रहा है। अवैध खनन भी नियमों के विरुद्ध किया जा रहा है। वैध खदानों में चैन माउंटेन मशीन से खुदाई वर्जित है। अवैध खदान संचालित करना अपराध है। फिर भी वैध और अवैध खदानों में चैन माउंटेन मशीन से रेत खुदाई जारी है। सरकार की छवि धूमिल न हो, इसके लिए राजस्व विभाग और खनिज विभाग की टीम बनाकर रेत माफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


