पदयात्रा के चांदखेड़ी पहुंचने पर की अगवानी

भास्कर न्यूज | खानपुर आर्यिका चिन्मयमति माताजी के सानिध्य में कड़ोदिया से चन्द्रोदय तीर्थ चांदखेड़ी स्थित भगवान आदिनाथ के दर्शन के लिए निकाली गई पांच दिवसीय पदयात्रा बुधवार को क्षेत्र में पहुंची। श्रद्धालुओं ने पदयात्रा का स्वागत किया। करीब 70 किलोमीटर की दूरी तय कर 19 फरवरी को तीर्थ क्षेत्र पहुंची इस पदयात्रा में 150 से अधिक श्रद्धालु शामिल रहे। पदयात्रा 15 फरवरी को कड़ोदिया से प्रारंभ हुई थी। तीर्थ क्षेत्र के समीप पहुंचते ही श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जयकारों के साथ भक्त भक्ति में सराबोर नजर आए। तीर्थ के प्रवेश द्वार पर मुख्य संयोजक विनोद जैन (सारोलाकलां), आहार-विहार संयोजक अनिल जैन, महावीर जैन (कालू), पवन जैन (गोलू), कमल जैन (लीमी), महिला महासमिति अध्यक्ष निशा जैन सहित समाज के अनेक पदाधिकारियों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने माताजी का पादप्रक्षालन कर अगवानी की। पदयात्रियों का तिलक लगाकर व मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद सभी पदयात्री भगवान आदिनाथ के मंदिर पहुंचे, जहां अभिषेक, पूजन एवं शांतिधारा के साथ भक्ति आराधना की गई। पांचों दिन कड़ोदिया के व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। बच्चे, युवा, बुजुर्ग एवं महिलाओं ने तन-मन-धन से यात्रा में सहभागिता निभाई। झालावाड़, झालरापाटन व आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कमेटी सदस्य प्रशांत जैन ने बताया कि आर्यिका चिन्मयमति माताजी का प्रवास कुछ दिनों तक चांदखेड़ी में रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को सत्संग एवं धर्मलाभ का अवसर मिलेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *