अमृतसर| रायन इंटरनेशनल स्कूल अमृतसर में स्कूल की प्रबंध निदेशक डॉ. ग्रेस पिंटो का जन्मदिन एक विशेष और भावपूर्ण सभा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा विद्यालय समुदाय उनके प्रेरणादायक मार्गदर्शन और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए कृतज्ञता व्यक्त करने हेतु एकजुट हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. ग्रेस पिंटो के उत्तम स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना हेतु की गई विशेष प्रार्थना के साथ हुआ। प्रिंसिपल कंचन मल्होत्रा ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके दूरदर्शी दृष्टिकोण और करुणामय नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार डॉ. पिंटो के प्रोत्साहन ने विद्यालय की शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं। विद्यार्थियों ने मधुर जन्मदिन गीतों और उनके व्यक्तित्व पर आधारित प्रभावशाली भाषणों से उत्सव में चार चांद लगा दिए। विशेष रूप से छात्रों द्वारा उनके सम्मान में लिखी गई स्वरचित कविताओं ने सभी को प्रभावित किया।


